दुबारी के मित्तूपुर में मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।संवाद
- फोटो : MAU
मधुबन। तहसील क्षेत्र के मित्तूपुर दुबारी स्थित सदाफल रामरज कमला साहू इंटरमीडिएट कॉलेज में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हाई स्कूल की परीक्षा में आदिति यादव 90.20, तृषा पांडेय 88.40, पलक 86.40 तो वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में आरती गोंड 80.20, शिवाजी कन्नौजिया 79.00 ने अपनी प्रतिभा की बदौलत अपने परिवार एवं विद्यालय का नाम रोशन करने का कार्य किया है। बोर्ड परीक्षा में इस विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में पंजीकृत 122 छात्रों में 78 छात्रों ने 80 से 90 प्रतिशत के बीच अंक प्राप्त किए हैं तो इंटरमीडिएट की परीक्षा में पंजीकृत कुल 83 छात्रों में 48 छात्रों का अंक प्रतिशत 70 से 80 के बीच रहा। विद्यालय प्रबंधक बनारसी यादव ने छात्रों की सफलता पर बधाई दी। सम्मान समारोह में विद्यालय प्रबंधक द्वारा हर साल आर्थिक रूप से कमजोर 10 प्रतिशत छात्रों को मुफ्त में शिक्षा देने की घोषणा भी की गई। मुख्य अतिथि प्राथमिक विद्यालय के अध्यापक मनोज कुमार यादव ने कहा कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस बात को दर्शाता है कि विद्यालय में पठन-पाठन की प्रक्रिया बेहतर है। समारोह में प्रधानाचार्य रामवृक्ष यादव, राम सिंह यादव, शैलेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार, अभिजीत शुक्ल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।