जिले में शीतलहर जारी है। पछुआ हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को दोपहर बारह बजे तक धूप नहीं निकली। शनिवार की अपेक्षा अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 77 प्रतिशत रही। आठ किमी की रफ्तार से हवाएं चलीं। शनिवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तीन वर्ष की तुलना में इस साल का चार जनवरी का दिन सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक चार जनवरी 2025 को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस था। चार जनवरी 2024 को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। रविवार को अवकाश होने के चलते नगर के बाजारों में सन्नाटा की स्थिति रही। सड़कों पर आवाजाही कम दिखी। रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद तक धूप न निकलने के चलते लोग ठंड से ठिठुरते रहे। अलाव का सहारा लेकर सर्दी से बचने की जुगत में लगे रहे। तापमान मेंं गिरावट से लोगों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा था।