मुहम्मदाबाद गोहना(मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के अतरारी चुंगी पर सोमवार की रात 9:30 बजे बाइक और ऑटो की टक्कर के मामूली विवाद में युवकों और ऑटो चालक के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद युवकों के फोन करने पर एक समुदाय के सैकड़ों लोग मौके पर आ गए। भीड़ में जुटे लोगो ने वहां पर मौजूद दूसरे समुदाय के लोगों के साथ मार पीट शुरू कर दिया। मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के अतरारी गांव के दो युवक बाइक से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान अतरारी चुंगी पर पीछे से आ रहे ऑटो से बाइक को धक्का लग गया। जिसको लेकर युवक विवाद करने लगे। विवाद के बीच ऑटो चालक और युवकों के बीच मारपीट हो गई। बाइक सवार युवकों ने वहां से मात्र 200 मीटर दूर गांव के लोगों को सूचना दिया तो वहां से सैकड़ों लोग अतरारी चुंगी पर आ गए। लेकिन इस बीच मौका पाकर ऑटो चालक वहां से ऑटो लेकर भाग गया। ऑटो चालक के मौके पर न मिलने पर भीड़ में जुटे कुछ लोगो ने वहां पर मौजूद दूसरे समुदाय के लोगों को मारना पीटना शुरू कर दिया। इस बीच मारपीट के शिकार दूसरे समुदाय के लोगो की सूचना पर उनके पक्ष के भी दर्जनों लोग मौके पर आ गए और दोनो पक्षों में हाथापाई और मारपीट होने लगी। मारपीट की सूचना पर मौके पहुंची मुकामी पुलिस ने मारपीट कर रहे लोगों को हटा बढ़ा दिया। साथ ही एक दर्जन लोगों को पकड़कर कोतवाली ले आए। पुलिस की सख्ती को देखते हुए दोनों पक्ष के लोगों ने गलती मानते हुए देर रात सुलह समझौता कर लिया।
कोट
ऑटो और बाइक की टक्कर में दो लोगों में मामूली विवाद हो गया था। जिसको लेकर कुछ लोगो में हाथापाई हो गई। बाइक के नुकसान का मुआवजा मिलने के बाद दोनों पक्षों में सुलह समझौता हो गया है।
सख्त हिदायत के बाद छोड़ दिया गया है।
शैलेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली मुहम्मदाबाद गोहना