मऊ के पुलिस लाइन सभागार में चिरैयाकोट के टायर व्यवसायी पर हुए हमले का खुलासा करते एएसपी शैलेन्द्?
- फोटो : MAU
मऊ। चिरैयाकोट बाजार में 19 अक्तूबर को दिन दहाड़े टायर की दुकान में मालिक और सेल्समैन को गोली मारने की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। व्यवसायी पर हमला प्रधानी के चुनाव की रंजिश को लेकर किया गया था। मामाले में गिरफ्तार छह बदमाशों ने पूछताछ में जानकारी दी। बताया कि हरिकेश मास्टर नामक व्यक्ति ने उनसे यह हमला कराया था। पुलिस ने बदमाशों के पास से पांच असलहे और चोरी की तीन बाइकें बरामद की हैं। बदमाशों ने मऊ, गाजीपुर और बलिया जिलों में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है। मामले का शनिवार को खुलासा करते हुए एएसपी शैलेंद्र श्रीवास्तव ने पत्रकारवार्ता में जानकारी दी। बताया कि चिरैयाकोट बाजार में पुराने पेट्रोलपंप के सामने टायर की दुकान करने वाले पलिया गांव निवासी अजय सिंह पर 19 अक्तूबर को दिन दहाडे डेढ़ बजे बदमाशों ने गोली बारी करके मालिक और सेल्सेमैन विनोद गुप्ता को घायल कर दिया था। बाद में इलाज के दौरान विनोद की मौत हो गई थी। डीआईजी के निर्देश पर स्वाट सहित कई पुलिस टीमें बदमाशों को गिरफ्तारी के लिए लगी थीं। एएसपी ने बताया कि जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि अजय सिंह गांव में प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उसी गांव का हरिकेश मास्टर भी चुनाव लड़ना चाहता है। उसने अजय को रास्ते से हटाने के लिए बदमाशों का सहारा लिया। पुलिस को मुखबिरों ने सूचना दी कि कुछ युवक सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बबुआपुर तिराहे से गुजरने वाले हैं। सतर्क पुलिस ने घेराबंदी कर शुक्रवार की की रात तीन मोटरसाइकिलों से आ रहे छह युवकों को पकड़ लिया। उनके पास से एक नाइन एमएम पिस्टल, चार तमंचे और कारतूस बरामद हुए। इनकी बाइकें भी चोरी की निकली। पूछताछ में बदमाशों ने हरिकेश मास्टर के कहने पर वारदात करने की बात स्वीकारी। पकड़े गए बदमाशों में बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली के नवापुरा निवासी अश्वनी सिंह पुत्र सुवास, फेफना थाने के अगसंडा गांव निवासी रवि सिंह पुत्र सुरेश और रविप्रकाश सिंह पुत्र अशोक तथा मऊ जिले के रानीपुर थाने के मिर्जापुर गांव निवासी पीयूष सिंह पुत्र बेंचन और शक्ति सिंह पुत्र उमेश तथा अरविंद राजभर उर्फ गोलू हैं। एएसपी ने बताया कि इस घटना में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के देवसीपुर गांव निवासी राहुल राजभर पुत्र ओमप्रकाश तथा मिर्जापुुुर निवासी अरुण राजभर पुत्र राजेश का नाम भी पुलिस जांच में प्रकाश में आया है। टीम में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक राजेश प्रसाद यादव , अविनाश सिंह, सरायलखंसी एसओ डीके श्रीवास्तव, चिरैयाकोट एसओ विनोद कुमार तिवारी , एसआई अमित मिश्र , धनंजय मिश्र, सेनापतिसिंह और संतोष सिंह आदि रहे। एएसपी ने बताया कि हरिकेश मास्टर घटना के बाद से ही फरार है। उस पर 50 हजार का ईनाम घोषित किया गया है। एसपी ने बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार का पुरस्कार देने की घोषणा किया है।