मऊ। वाराणसी रेल मंडल के खुरहट स्टेशन पर इंटरलॉकिंग कार्य के चलते ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। इसके चलते छपरा गोदान एक्सप्रेस को 45 मिनट नियंत्रित कर चलाया गया। जबकि बलिया-शाहगंज पैसेंजर मऊ से टर्मिनेट कर चलाई गई। उधर, ट्रेनों के रूट डायवर्जन की जानकारी ना मिलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाराणसी रेलमंडल के मऊ- शाहगंज रूट के खुरहट पर इंटरलॉकिंग कार्य बुधवार से दस अगस्त तक किया जाएगा। स्टेशन पर कार्य होने के चलते बुधवार को छपरा गोदान एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 45 मिनट नियंत्रित कर चलाई गई। जबकि बलिया से शाहगंज जाने वाली बलिया-शाहगंज पैसेंजर मऊ जंक्शन से टर्मिनेट होकर बलिया के लिए रवाना की गई। इसी तरह से शाहगंज से बलिया जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी मऊ जंक्शन से टर्मिनेट होकर रवाना हुई। कार्य के चलते ट्रेनों के डायवर्ट होकर चलने की सूचना ना होने और खुरहट, आजमगढ़, मुहम्मदाबाद गोहना आदि जगहों पर जाने वाले यात्रियों को ट्रेनों के बदले रूट के चलते काफी परेशानी उठानी पड़ी। सबसे ज्यादा परेशानी दूर दराज से आने वाले यात्रियों और उनके परिवार को हुई। इस दौरान कई यात्री जहां रोडवेज बस या दूसरे वाहनों से रवाना हुए तो वहीं कुछ ने अपनी यात्रा ही निरस्त कर दी।