सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बहरीपुर गांव में चोरी की घटना के बाद मौके पर पहुंची जांच करती पुलिस।
- फोटो : MAU
बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बहरीपुर गांव में मंगलवार की रात में चोरों ने छत के रास्ते एक व्यक्ति के घर में घुसकर हजारों का सामान पार कर दिया। परिजनों को घटना की जानकारी बुधवार की सुबह जगने पर हुई। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। सरायलखंसी थाना क्षेत्र बहरीपुर गांव निवासी केदार राजभर पुत्र स्व. पुरुषोत्तम राजभर किसान हैं। मंगलवार की रात में रोजाना की भांति परिवार भोजन के बाद सो गए। देर रात छत के रास्ते से घर में चोर घुुसे। जहां एक कमरे में रखे दो अटैची तथा दो बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखे 10 हजार नकदी सहित करीब डेढ़ लाख मूल्य का सामान चोरी कर ले गए। बुधवार की सुबह जब परिजन उठे तो देखा कि कमरे में रुपये तथा आभूषण से भरी अटैची और बक्से गायब हैं। पीड़ित केदार राजभर ने सरायलखंसी थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों को आरोपित करते हुए तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई।