मुहम्मदाबाद गोहना के वलीदपुर नगर पंचायत के बिचलापुरा स्थित मकान में गैस सिलिंडर विस्फोट के बाद
- फोटो : MAU
मुहम्मदाबाद गोहना। वलीदपुर नगर पंचायत में अल सुबह हुई सिलिंडर विस्फोट की घटना में धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज एक किमी से भी अधिक दूर तक सुनाई दी। घटना वाले घर के आस-पास के तीन मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए। जबकि तीन अन्य मकान क्षतिग्रस्त हो गए। आसपास के दर्जनों घरों की खिड़कियां और दरवाजे हिल गए। गली के अधिकाँश मकानों में लगे खिड़कियों के शीशे टूट कर बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना जबरदस्त था कि लगा कि जलजला आ गया है। धमाके से सभी लोग सहम गए। इलाके के श्याम सुंदर गुप्ता ने बताया कि वह पूजा करने जा रहे थे कि हादसा हुआ। सुबह होने के कारण धमाके की आवाज काफी साफ और जोर से सुनाई देने पर वह बाहर निकले लेकिन हादसे का पता कुछ देर बाद चला। इसी प्रकार अहमद, असगर और सावित्री देवी ने भी सिलिंडर फटने की आवाज सुनी। इन लोगों ने भी बताया कि हादसा इतना बड़ा होगा इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। नगर की डीह निवासी निर्मला देवी ने बताया कि विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि लगा कि भूकंप आ गया हो। घटना की गंभीरता और जान माल के नुकसान का पता चलने पर तो मानो पूरा वलीदपुर नगर ही घटना स्थल पर उमड़ पड़ा।