सरायलखंसी थाना कहिनौर दलित बस्ती मोड़ पर हुए बवाल के दौरान हुए पथराव में सड़क पर बिखरे ईट।
- फोटो : MAU
मऊ/पिपरीडीह। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के कहिनौर गांव के मोड़ पर मंगलवार की शाम को उस समय पुरानी रंजिश संघर्ष में बदल गई, जब पूर्व में हुई मारपीट के मामले की जांच करने के लिए पुलिस मौके पर गई थी। पुलिस के सामने एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक को पीट दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चलने लगे। पथराव में पांच लोग घायल हो गए। जबकि दो को अस्पताल भेजा गया। सूचना पर मयफोर्स अधिकारी पहुंचे और लोगों को शांत कराया। मारपीट में घायल दलित पक्ष की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है। बीते छह जनवरी की रात मछली व्यवसाई अवधेश कुमार 25 पुत्र शीतल को कुछ मनबढ़ों ने देर रात उस समय मारपीट कर घायल कर दिया था जब वह दुकान से घर लौट रहा था। दर्ज हुई रिपोर्ट की तहकीकात करने के लिए मंगलवार को सीओ नगर राजकुुुमार के संग चौकी प्रभारी कुश्मौर धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ घायल की मां मैना देवी और पिता शीतल से बयान लेकर चले गए। जबकि वहां मौजूद चौकी प्रभारी सिपाही के सामने कुछ युवकों ने पास खड़े दूसरे पक्ष के एक युवक को पीट दिया। पुलिस कुछ समझ पाती कि युवक आपस में भिड़ गए। तभी दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया। पथराव में एक पक्ष के सतीश 20 पुत्र बहादुर राम, उदयचंद्र 18 पुत्र वीरेंद्र राम, अमरजीत 22 पुत्र रामअवध राम, अश्वनी 18 पुत्र चंद्रदेव राम और 12 वर्षीय आंचल घायल हुए। इस दौरान बब्बन सिंह के मकान पर लगी पानी की टंकी टूटी तो रामअवध पुत्र ब्रम्हदेव सिंह के दरवाजे पर पथराव हुआ। वहीं, आटोमोबाइल की दुकान पर मौजूद बाइकों को मनबढ़ों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। एएसपी एसके श्रीवास्तव ने बताया कि एक पक्ष की तरफ से उन्हे तहरीर मिली है, इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। दूसरे पक्ष से कोई नजर नहीं आया। पुलिस की मानें तो दूसरे पक्ष के मारपीट करने वाले घटना के बाद फरार हो गए।