वार्ड नंबर चार ताजोपुर में एक किलोमीटर सडक में जगह जगह गढ्ढे होने से आवा गमन में लोगों को हो रही पर
- फोटो : MAU
मऊ। सोमवार को घोसी में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन अपनी खामियां छिपाने के लिए जीजान से प्रयास कर रहा है। लेकिन लाख प्रयास के बाद भी कुछ कमियों को प्रशासनिक अथवा विभागीय अधिकारी मुख्यमंत्री की नजरों से छिपा नहीं सकते हैं। इनमें प्रमुख है जिले में बदहाल सड़कों का जाल। सड़क पर बने गड्ढों में फंसकर आए दिन वाहन चालकों के घायल होने से हादसों का ग्राफ बढ़ रहा है। दूसरी ओर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का आदेश भी जिम्मेदारों की लापरवाही से केवल कागजी साबित हो रहा है। हाल यह है कि ग्रामीण क्षेत्र तो दूर शहर में बनी सड़कें ही बदहाल है। बदहाल सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर क्षेत्रीय वासियों द्वारा कई बार विरोध प्रदर्शन और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद भी जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों और प्रशासन को बदहाल सड़कें नहीं दिख पा रही है। नगर पालिका के वार्ड 4 ताजोपुर में एक किमी लंबा मार्ग 13 साल पहले बनाई गई थी। निर्माण कार्य के सालों बाद भी इस सड़क पर मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। इसके चलते सड़क उखड़ने के चलते सड़क पर दो फीट से गहरे गड्ढे बने हुए है। जहां गत गुरुवार को बारिश होने के बाद पानी भरने से इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के संबंध में ताजोपुर निवासी संतोष मिश्रा ने बताया कि कई बार प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधि को बदहाल सड़क के मरम्मत कराने की मांग कर चुके हैं। वहीं वार्ड के पांच किमी लंबा बकवल-दूरदर्शन सड़क बदहाल है। स्थानीय निवासी सचिंद्र सिंह कर कहना है कि सड़क मार्ग नगर पालिका एक साल पहले बनाई गई थी। लेकिन घटिया सामग्री के प्रयोग के चलते एक साल में सड़क जगह जगह से टूट गई है। इसके चलते आए दिन लोग इसमे फंसकर घायल होते है। वहीं वार्ड 6 दक्षिणी में लोक निर्माण विभाग द्वारा एक दशक पहले चार किमी लंबा सड़क बनाया गया था। स्थानीय निवासी रजनीश सिंह का कहना है कि बदहाल सड़क के मरम्मत की मांग को लेकर कई बार जिम्मेदारों केे अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। वहीं, वार्ड 15 में हंसनगर कॉलोनी में दो किमी सड़क मार्ग का निर्माण नगर पालिका द्वारा 2007 में कराया गया था। कई सालों से मरम्मत ना होने के चलते सड़क जगह जगह से उखड़ चुकी है, जबकि यह कॉलोनी नगर के पॉश क्षेत्रों में एक है। क्षेत्रीय निवासी धर्मशक्ति पाठक का कहना है कि सड़क के मरम्मत की मांग को लेकर कई बार कॉलोनी के लोगों ने नपा के जिम्मेदारों से शिकायत की। जहां आश्वासन तो दिया गया लेकिन सड़क का मेटेनेंस आज तक शुरू नहीं हो सका। अध्यक्ष नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी ने कहा कि नगर के वार्डो में खराब सड़कों के मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाया जा चुका है। बजट स्वीकृत होते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।