चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सरसेना बाजार में स्थित यूनियन बैक सरसेना शाखा पर हंगामा करते उपभोक्त?
- फोटो : MAU
चिरैयाकोट। कस्बे के सरसेना बाजार स्थित एक बैंक में कई दिनों से सर्वर फेल होने के चलते कामकाज ठप होने से नाराज उपभोक्ता शनिवार को आक्रोशित हो उठे। उन्होंने बैंक में हंगामा किया और विवाद के दौरान कैशियर की पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। शाखा प्रबंधक और पुलिस के समझाने के बाद उपभोक्ता शांत हुए। उधर इस मामले में कैशियर ने थाने में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। बताते चले कि बीएसएनएल द्वारा चिरैयाकोट कस्बे के सरसेना बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा का इंटरनेट सिस्टम काट दिया गया है। इससे चार दिनों से बैंक में कामकाज प्रभावित है। शनिवार को कई उपभोक्ता बैंक पहुंचे, यहां काफी देर इंतजार के बाद पता चला कि सर्वर फेल होने के चलते कामकाज ठप रहेगा। ऐसे में अगले दिन रविवार और फिर त्यौहार के चलते अवकाश होने की बात कहकर उपभोक्ता आवश्यक रूप से पैसे निकासी को लेकर कोई प्रयास करने की बात कही। वहीं बैंक शाखा द्वारा बैंक द्वारा संचालित लघु शाखाओं से पैसा निकासी की बात कही। इसी बीच चार दिनों से ठप व्यवस्था से नाराज उपभोक्ता आक्रोशित हो उठे और हंगामा करने लगे। वहीं बँंक कैशियर अशोक कुमार विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि उनके साथ चार लोगों ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। उधर बैंक परिसर में हंगामा की सूचना मिलने पर कुछ ही देर में थाने की पुलिस पहुंच गई। शाखा प्रबंधक आनंद द्विवेदी और पुलिस द्वारा समझाने के बाद उपभोक्ता शांत हुए। उधर घटना के संबंध में कैशियर ने चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। रात तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।