नगर के डीसीएसके पीजी कालेज में स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में अखंड भारत दिवस पर आयोजित कार्य?
- फोटो : MAU
मऊ। स्वदेशी जागरण मंच की तरफ से बुधवार को ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ के रूप में नगर के डीसीएसके पीजी कॉलेज के सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता स्वदेशी जागरण मंच के वरिष्ठ प्रचारक अजय कुमार रहे। इस दौरान समृद्ध भारत बनाने का संकल्प लिया गया। अजय कुमार ने कहा कि भारत एक भू-भाग नहीं है बल्कि एक भू सांस्कृतिक इकाई है। भारतीय और पाश्चात्य राष्ट्र की अवधारणा में अंतर है, पाश्चात्य राष्ट्र की अवधारणा भाषा, क्षेत्र और भूखंड पर आधारित होती है; जबकि भारतीय राष्ट्र की अवधारणा एक संस्कृति और वह भी बहुआयामी संस्कृति पर आधारित भू सांस्कृतिक इकाई है। कहा कि अखंड भारत का मतलब है अफगानिस्तान से लेकर वर्मा, श्रीलंका, थाईलैंड तक का पूरा भूभाग, जो इसका हिस्सा रहा है और काल के अंतराल में हमसे अलग होते गए और आज खंडित भारत हमारे पास है, जो एक भूखंड के रूप में हमें मिला है। अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. एके मिश्र ने कहा जिस दिन भारत आजाद हुआ था। उसी दिन महान आध्यात्मिक चिंतक अरविंद ने कहा था कि विभाजन यांत्रिक है और इसका एकीकरण अनिवार्य और अपरिहार्य है, भले ही इसमें 40 साल 65 साल 100 साल या 200 साल लगे लेकिन जब यह एकीकरण होगा तो यह विभाजन से बड़ी और महान घटना होगी। विशिष्ट अतिथि जिला प्रचारक आत्म प्रकाश ने अखंड भारत की संकल्पना पर प्रकाश डाला। डॉ. सीपी राय ने आभार जताया। इस दौरान अरविंद सिंह, पंकज तिवारी, रवीश तिवारी बिंदुकांत, प्रशांत पांडे, सूर्य प्रकाश बरनवाल, राजकुमार यादव, मृत्युंजय द्विवेदी, आदित्य गांधी, सुधांशु सिंह, सुनील यादव, योगेंद्र चौबे आदि उपस्थित रहे।संचालन डॉ. सर्वेश पांडेय ने किया।