मुहम्मदाबाद गोहाना तहसील क्षेत्र के भुसुवा गॉव के कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन करती महिलाएं।
- फोटो : MAU
मुहम्मदाबाद गोहना। तहसील के रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के भुसुवां गांव में सरकारी दर के लाइसेंस धारक कोटेदार द्वारा राशन वितरण में धांधली करने और राशन कार्ड धारकों को गल्ला न देने की शिकायत को लेकर शुक्रवार को गांव की तीन दर्जन से अधिक महिलाओं ने उप जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए कोटेदार के विरुद्ध नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कोटेदार के खिलाफ जांच कर दुकान का लाइसेंस निरस्त करने और धमकी देने के आरोप में कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम विजय कुमार मिश्र ने नायब तहसीलदार को शिकायत की जांच कर आख्या दिए जाने का निर्देश दिया है। रानीपुर थाना क्षेत्र के भुसुवा गांव के सरकारी उचित दर दुकान के लाइसेंस धारक कोटेदार सुभाष चंद्र द्वारा कार्ड धारकों को राशन न दिए जाने की शिकायत की गई है। इस संबंध में शनिवार को गांव की दर्जनों महिलाओं ने पहले रानीपुर थाना पर जाकर समस्या से अवगत कराया और वहां हंगामा काटा। स्थानीय पुलिस द्वारा महिलाओं को तहसील मुख्यालय भेज दिया गया। तहसील पर पहुंची महिलाओं ने कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान न्यायालय में न्यायिक कार्य देख रहे उप जिला अधिकारी के न्यायालय में भी घुसने का प्रयास किया। उपजिलाधिकारी विजय कुमार मिश्र ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को शांत कराते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। पीड़ित महिलाओं ने कहा कि कोटेदार द्वारा अंगूठा लगाकर राशन नहीं दिया जाता है। इतना ही नहीं जिनको राशन दिया भी जाता है उनसे निर्धारित मूल्य से अधिक वसूला जाता है। महिलाओं का कहना है कि कोटेदार द्वारा केस में फंसाने की धमकी दी जाती है जिससे सभी कार्डधारक भयभीत हैं। उप जिलाधिकारी श्री मिश्र ने नायब तहसीलदार को शिकायत की जांच करने का निर्देश देते हुए एक सप्ताह में आख्या तलब किया है। इस बारे में पूछे जाने पर उप जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए आपूर्ति विभाग की जगह नायब तहसीलदार से जांच कराई जाएगी। कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में प्रमुख रूप से लीलावती, सुनीता, गुलाबी, माया देवी, प्रमिला, भुनेश्वरी, संजाफी, तारा देवी, किरण, कुसुम, सरोज, पुष्पा आदि समेत अन्य महिलाएं शामिल रहीं।