मधुबन/फतहपुर मंडाव। मधुबन थाना क्षेत्र के रामपुर के सीवान में सोमवार की सुबह आम के पेड़ से एक युवक का शव लटकता मिलने पर सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया। युवक तीन दिन पहले अपने घर से निकला था और तभी से लापता था। युवक की हत्या प्रेम प्रसंग में की गई है। हत्यारों ने गला दबाकर युवक को मार डाला और उसके शव को आम के पेड़ की डाल पर टांग दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमिका की मां, पिता और भाई के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। रामपुर गांव निवासी उपेंद्र कुमार राजभर पुत्र रामप्रीत राजभर अपने घर से तीन दिनों से गायब था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार की सुबह गांव के बाहर एक खेत में स्थित आम के पेड़ पर गमछे के फंदे से लटकता शव मिला तो ग्रामीण मौके पर जुट गए। उसकी पहचान उपेंद्र कुमार राजभर के रूप में हुई। लाश पेड़ पर टंगे होने की जानकारी पाकर रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं, क्षेत्राधिकारी नरेश कुमार सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता रामप्रीत राजभर ने आरोप लगाया कि उसके बेटे का प्रेम प्रसंग गांव के ही एक व्यक्ति की बेटी से चल रहा था। उन्हीं लोगों ने हत्या कर लाश पर पेड़ पर टांगी है। इसके पहले भी उन लोगों ने उपेंद्र को मारा पीटा था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के राजेन्द्र राजभर, उसकी पत्नी लक्ष्मीना और बेटे अनमोल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ नरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस कई कोणों से जांच कर रही है। हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।