मऊ/वलीदपुर। विश्व ह्रदय दिवस पर रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर संगोष्ठी आयोजित हुई। जिसमें मरीजों को ह्दय रोग के कारण और उससे बचाव के बारे में जानकारी दी गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए अधीक्षक डॉ. एपी सिंह ने कहा कि इंसान के जिस्म का सबसे महत्वपूर्ण और नाजुक हिस्सा दिल ही होता है, इसलिए इसकी सेहत से खिलवाड़ कतई नहीं होना चाहिए। इसी बात को याद दिलाने के लिए हर साल 29 सितम्बर को विश्व हृदय दिवस मनाया जाता है। बताया कि दुनियाभर में बढ़ती दिल की बीमारी को देखते हुए वर्ल्ड हार्ट फेडरेशन ने इस दिवस को मनाने की शुरुआत की। वहीं डॉ. नीतू वर्मा ने कहा कि अव्यवस्थित जीवन शैली और असंतुलित खानपान के चलते दुनियाभर में हृदय रोग के पीड़ितों की संख्या तेजी से बढ़ी है। कहा कि भाग-दौड़ भरी जिंदगी में लोगों को अपनी सेहत की ओर ध्यान देने का मौका नहीं मिलता। ऐसे में वो ह्दय रोग सहित कई बीमारियों की चपेट में आ जाते है। कहा कि दिल का दौरा पड़ने पर फर्स्ट एड की जरूरत पड़ती है। दिल के दौरे के लक्षण देखते ही अलर्ट हो जाएं और इलाज करें। 15 मिनट में अगर व्यक्ति को सही इलाज मिल जाता है तो मरीज की जान बचाई जा सकती है।इस मौके पर डॉ. सीमा, डॉ. नीतू वर्मा, डॉ. अजहर, राघवेंद्र, सरोज, डॉ. धर्मेंद्र आदि मौजूद रहे।