वलीदपुर। डाला छठ के अवसर पर मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के देवर्षि देवल की तपोभूमि देवलास में लगे मेले में प्रशासन ने आरकेस्ट्रा तथा थिएटर पर प्रतिबंध लगाने का फरमान जारी किया है। इससे आरकेस्ट्रा ग्रुप संचालकों तथा थिएटर संचालकों में मायूसी छायी रही। छठ पर्व पर देवर्षि देवल की तपोभूमि देवलास पर एक सप्ताह तक मेला का आयोजन होता है। गत वर्ष सत्या आर्केस्ट्रा ग्रुप में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था जिससे प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी जो चर्चा का विषय बना हुआ था। इस वर्ष भी सत्या ग्रुप ने उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना निरंकार सिंह को प्रार्थना पत्र देकर अपने आर्केस्ट्रा ग्रुप के प्रोग्राम के लिए अनुमति प्राप्त कर ली थी। अपने सारे सामान के साथ सत्य आर्केस्ट्रा ग्रुप में मेले में अपनी जगह बना कर अपना कार्यक्रम आरंभ करने की सोच ही रहा था कि उप जिलाधिकारी ने अपने ही दिए गए आदेश को निरस्त कर दिया। साथ ही किसी भी आर्केस्ट्रा ग्रुप को मेले में कार्यक्रम न करने की हिदायत दी। उप जिलाधिकारी निरंकार सिंह का कहना है कि गत वर्ष शांति भंग, फायरिंग व मारपीट के कारण अशांति फैल गई थी जिसे देखते हुए इस बार किसी भी प्रकार के आर्केस्ट्रा ग्रुप द्वारा अश्लील गीत और डांस संचालन करने के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। शराब बिक्री, जुआ तथा किसी प्रकार के गैरकानूनी कार्य पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इसमें संलिप्त किसी व्यक्ति को पाए जाने पर उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी ।इसकी सूचना मिलते ही सत्या ग्रुप व अन्य आर्केस्ट्रा ग्रुप में मायूसी छा गई। वही आर्केस्ट्रा ग्रुप का कहना है कि काफी समय से हम लोग मेले की तैयारी करके सारा सामान लाए थे इसमें काफी पैसा भी खर्च हुआ है आर्केस्ट्रा प्रोग्राम प्रतिबंध लगाने के कारण काफी नुकसान हुआ है।