शहर कोतवाली क्षेत्र के मलिकटोला मोहल्ला में छापेमारी में मिले मिलावटी तेल को सीज करते खाद्य एवं ?
- फोटो : MAU
मऊ। जिला प्रशासन तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावट को लेकर मिली शिकायत पर बुधवार को दो चरणों में छापेमारी कर मिलावट कारोबारियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 177 पेटी में रखा गया 1580 खाद्य तेल तथा 330 किलो मिलावटी बेसन को जब्त करने की कार्रवाई की गई। टीम द्वारा जब्त खाद्य सामग्री की कीमत डेढ़ लाख रुपये से ज्यादा आंकी गई। प्रशासन तथा फूड सेफ्टी टीम की संयुक्त कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। गत दिवस शांति समिति में मिलावट की शिकायत मिलने पर बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि सुरक्षा के अभिहित अधिकारी श्रवण कुमार त्रिपाठी, खाद्य निरीक्षक बिंदू पांडेय, जयहिंद, पंकज और रामानंद की टीम दोपहर में छेदापुरा औरंगाबाद के व्यापारी रवि मेहरुआ के प्रतिष्ठान पर पहुंची। टीम ने यहां 11 अलग-अलग बोरे में रखे गए 330 किलो बेसन को मिलावटी होने के शक पर जब्त कर उसका नमूना जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की। जब्त बेसन की कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई। वहीं शाम करीब पांच बजे खाद्य औषधि के सहायक आयुक्त विनीत पांडेय तथा मुख्य खाद्य निरीक्षक आरके दीक्षित की टीम द्वारा मालिकटोला स्थित मुमताज एंड संस ब्रदर्स पर छापेमारी की गई। जहां टीम ने 177 कार्टून में करीब सवा लाख रुपये कीमत के 1580 लीटर खाद्य तेल को जब्त करने के साथ उसका नमूना जांच के लिए लखनऊ भेज दिया। नगर में सुबह से शाम तक जिला प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम द्वारा छापेमारी से व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। इस दौरान कई दुकानदार कार्रवाई से बचने के लिए दुकानें बंद कर गायब रहे।