मऊ। जिले में बुधवार को सावन के पहले दिन ही मौसम का मिजाज बदला नजर आया। बीते चार पांच दिनों से पड़ रही उमस से इससे कुछ हद तक राहत मिली। शाम को परदहा ब्लाक के क्षेत्रों में आंधी से लोगों के टीनशेड व छप्पर उड़ गये। कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गये। इससे कई इलाकों में बिजली गुल रही। बुधवार की शाम करीब सात बजे मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी चलने लगी। इससे कई जगह घर और दुकान के बाहर लगे टीनशेड व छप्पर उड़ गये। पेड़ की डालियां टूटकर गिरने लगीं। पिपरीडीह संवाददाता के अनुसार शाम को आई आधी से पिपरीडीह, भार, रैकवारेडीह, उस्मानपुर, पतिला, ओन्हाईच ,सुवराबोझ सहित कई गांवों में आधा दर्जन जगहों पर पेड़ उखड कर सड़क पर गिर गए। इससे आवागमन प्रभावित होने के चलते तारों के टूटने से गांवों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। वहीं भार गांव निवासी लौटन के घर के बाहर लगे पाकड़ का विशाल पेड़ घर के बाहर अचानक गिर पड़ा, हादसे के समय वहां कोई मौजूद न होने से बड़ी घटना होने से बच गई। पेड़ के गिरने से बाहर खड़ा ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि पेड़ गिरने से भार सिहांव -इटौरा मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। रानीपुर संवाददाता के अनुसार सोमवार की शाम रानीपुर ब्लाक में हल्की बारिश हुई, साथ ही आंधी भी चली।