मऊ। दीपावली तथा छठ त्यौहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ सिटी राजकुमार के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने नगर के आधा दर्जन से ज्यादा होटलों में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने होटलों के कमरे, रजिस्ट्रर और रूके हुए लोगों से उनके नाम और रूकने आदि बिंदुओं पर पूछताछ की। पुलिस के चेकिंग अभियान से होटल संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। सोमवार की देर शाम सिओ सिटी राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस सबसे पहले रोडवेज स्थित होटल में पहुंची। यहां होटल में रूके हुए लोगों के बारे मे जानकारी ली, साथ ही खुद कमरों में पहुंची और रूके हुए लोगों से नगर में आने की वजह के साथ उनके पहचान पत्रों की जांच की। इसके बाद पुलिस सहादतपुरा, पुरानी तहसील, निजामुद्दीनपुरा स्थित होटल सहित अन्य होटलों पर पहुंची। यहां भी होटल में ठहरे हुए लोगों द्वारा रजिस्ट्रर में नोट कराए गए नामों तथा उन लोगों से बातचीत कर दस्तावेजों की जांच की गई। सीओ सिटी ने होटल संचालकों को हिदायत दी कि वह बिना किसी पहचान पत्र के किसी को ठहरने नहीं दे, साथ ही वो खुद रूकने वाले व्यक्ति द्वारा पहचान के रूप में दिए जाने वाले दस्तावेजों की जांच कर ले। किसी तरह की संदिग्ध जान पड़ने पर तत्तकाल पुलिस को सूचना दे।