मऊ। जिले के कई इलाकों मेें डेंगू के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए। आनन फानन में अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में कैंप लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पांच मरीजों का ब्लड पाजीटिव पाया गया। दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार दोहरीघाट कस्बा के विभिन्न वार्डो में बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी इजाफा हो रहा है। कस्बे में एक बार फिर डेंगू के पांव पसारने की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सकते में आ गई। आनन फानन में मल्लाह टोला वार्ड के बाबा मेला राम में कैंप लगाया। चिकित्सकों ने 150 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. फैजान अहमद ने बताया कि 150 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। तीन लोगों का ब्लड पाजीटिव पाया गया, जो टाइफायड के मरीज निकले जिन्हे दवा दी गई। पानी उबालकर उसे ठंडा कर पीने के लिए सुझाव दिया। नगरपालिका प्रशासन से सफाई कराने के लिए कहा गया। मधुबन संवाददाता के अनुसार तहसील क्षेत्र के सिद्धा अहिलासपुर में डेंगू के मरीज पाएं जाने की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति रही। अहिलासपुर गांव की अलका गुप्ता (3) पुत्री दीपक गुप्ता की तबियत 28 अगस्त की रात अचानक खराब हो गई। तेज बुखार के चलते उसकी स्थिति खराब होती गई जिसके बाद परिवारजन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फतहपुर मंडाव ले गए। जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन वहां भी हालत में सुधार न होने पर परिवारजन वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने डेंगू होने की पुष्टि कर दिया । जिसकी सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार पांडेय के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम गांव पहुंचकर डेंगू पीड़ित बालिका एवं परिवारजन का हाल जाना। गांव में बुखार से पीड़ित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। दो मरीजों का ब्लड पाजीटिव पाया गया। साथ ही लोगों को जागरुक किया।