लूटकांड से आक्रोशित रतनपुरा में बैठक करते सराफा कारोबारी।
- फोटो : MAU
रतनपुरा। भीमपुरा तिराहे के पास सोमवार की देर शाम को हुए सराफा लूटकांड में पुलिस के हाथ 24 घंटे बाद भी खाली रहे। हालांकि एसपी ने लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित करते हुए जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। उधर, लूटकांड से खफा अधिकािरयों ने बैठक कर पुलिस को खुलासे के लिए पांच दिन का समय दिया है। चेताया भी कि यदि बदमाश गिरफ्तार नहीं हुए तो व्यापारी आंदोलन करेंगे। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। यह टीम क्षेत्र में लगातार दबिश दे रही हैं। कहा कि जल्द ही बदमाश पुलिस के शिकंजे में होंगे। घटना स्थल के पास के एक मकान में लगे सीसी टीवी कैमरे की मदद से लुटेरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, घटना से नाराज उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक अलाउद्दीन पूरा स्थित कैंप कार्यालय में जिलाध्यक्ष उमाशंकर उमर की अध्यक्षता में हुई। जिसमें रतनपुरा के सराफा व्यवसाई राहुल वर्मा पुत्र दिलीप बर्मा से सरे शाम 14 लाख की लूट पर चिंता व्यक्त की गई। अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष उमाशंकर उमर ने कहा कि अगर पांच दिन के भीतर लूट का पर्दाफाश नहीं किया गया तो व्यापार मंडल जिला बंद कराएगा। बैठक में रतनपुरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष राम नारायण साहू जिला संगठन मंत्री फतेह बहादुर गुप्त शैलेश वर्मा,श्रवण कुमार सर्राफ, शमीम सर्राफ, अनिल विश्वकर्मा, जगदीश प्रसाद गुप्त, अभय तिवारी, गोपाल शरण साहू, शिवकुमार जायसवाल, मुश्ताक अहमद मौजूद थे।