जीवितपुत्रिका व्रत को लेकर नगर के सहादतपुरा बाजार में पूजन के सामानों की खरीदारी करतीं महिलाएं।
- फोटो : MAU
मऊ। महिलाएं रविवार को जीवित्पुत्रिका व्रत रहेंगी। इसकी पूर्व संध्या पर सब्जी की दुकानों पर सरपुतिया की खूब खरीदारी हुई। ज्यूतिया, उड़द, बताशा, चीनी की लेड़ुई आदि मिठाइयों की भी लोगों ने खरीदारी की। नगर सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में जीवित्पुत्रिका व्रत धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर पर महिलाएं पूरा दिन निर्जला व्रत रखकर देर शाम नदी, तालाब पर इकट्ठा होकर दीप और वस्त्र दान करती हैं। शहर के ब्रह्मस्थान और तमसा नदी के किनारे महिलाएं अपने पुत्रों के दीर्घायु की कामना करते हुए कल्याणकारी कहानियां सुनती हैं। शनिवार को व्रत की तैयारी पूरी कर ली गई। तमसा नदी के बम घाट, हनुमान मंदिर, भीटी घाट सहित जिले के विभिन्न प्रमुख पोखरों के घाटों की साफ सफाई की गई। रविवार को अपने पुत्र की दीर्घायु के लिए माताएं निराजल व्रत रखेंगी। बेटे की सुख, समृद्धि तथा जीवन रक्षा के लिए रखे जाने वाले व्रत की पूर्व संध्या पर महिलाएं सरपुतिया खाती हैं। बाजारों में चढावे के लिए फलों की खरीददारी में तेजी देखी गई। नगर के मठिया टोला, हरिकेशपुरा, सहादतपुरा, निजामुद्दीनपुरा, पावरहाउस कालोनी, भीटी आदि मुअहल्लों की महिलाएं रविवार को गीत गाते हुए मड़इया घाट और तमसा नदी तट पर पहुंचकर गौरी गणेश का पूजन अर्चन करेंगी। रानीपुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न इलाके की जीवित्पुत्रिका व्रत की पूर्व संध्या पर ज्यूतिया, सब्जी, फल सहित विभिन्न सामानों की जमकर खरीदारी की।