मऊ। मकर संक्रांति का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। इस दौरान घाघरा और तमसा तट पर सुबह सवेरे स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ेगी। लोग दान कर अपने को पुण्य का भागी बनाएंगे। जहां लोग पतंगें उड़ाएंगे तो वहीं खिचड़ी का प्रसाद भी बांटा जाएगा। मंगलवार को लाई चूड़ा के बाजार में रौनक रही और लोग खरीदारी करते रहे। पतंगों की दुकानों पर बच्चों ने की खरीदारी। वहीं, घोसी के औघड़ बाबा की कुटी पर कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मकर संक्रांति के अवसर पर नगर के ब्रह्मस्थान, बम घाट, करहां के गुरादरी धाम, रतनपुरा ब्लाक के जगभानपुर स्थित नाथ बाबा के मंदिर, बाझपुर स्थित डीह स्थान सहित जिले के विभिन्न इलाकों में मेला का आयोजन आयोजन किया जाता है। इसके साथ ही दोहरीघाट के सरयू तट पर मेला जैसा दृश्य रहता है। पर्व के मद्देनजर नगर के सहादतपुरा, रोडवेज, हट्ठीमदारी, मुुंशीपुरा, चौक, मिर्जाहादीपुरा सहित जिले के विभिन्न इलाकों की प्रमुख बाजारों में लाई चूरा तथा मिष्ठान सहित अन्य दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ रही। धूप होने की वजह से बाजारों में चहल पहल रही। बहू बेटियों के यहां लाई, चूरा की गठरी बांधकर खिचड़ी पहुंचाने का क्रम जारी है। रतनपुरा / मझवारा : मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर बाजार में लाई, चूरा व मिष्ठान सहित अन्य सामानों की जमकर खरीदारी की। महंगाई के बावजूद पर्व मनाने के प्रति लोग उत्साहित दिख रहे थे।