मधुबन स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में मिशन पहचान परीक्षा देते परीक्षार्थी
- फोटो : MAU
मऊ। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के शैक्षिक स्तर की जांच के लिए गुरुवार को मिशन पहचान के तहत परिषदीय विद्यालयों में एक साथ विशेष परीक्षा हुई। बीएसए के नेेतृत्व में जिलास्तरीय टीम ने विद्यालयों का निरीक्षण किया। परीक्षा में 1.32 लाख बच्चे शामिल हुए। जिले में 1060 प्राथमिक तथा 442 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के शैक्षिक स्तर सुधारने के क्रम मेें गुरुवार को समस्त परिषदीय विद्यालयों में विशेष परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू हुई। परीक्षा एक घंटे तक हुई। प्रश्नपत्र प्रत्येक विद्यालय पर परीक्षा तिथि के आधा घंटे पूर्व प्रधानाध्यापकों के व्हाट्सएप पर भेजा गया। शिक्षक ने प्रश्नों को ब्लैकबोर्ड पर लिखा। परीक्षा समाप्ति के आधा घंटे बाद कक्षाध्यापकों द्वारा मूल्यांकन कार्य शुरू किया गया। परीक्षा निगरानी के लिए जिलास्तरीय टीम ने दौरा कर विद्यालयों का जायजा लिया। नगर शिक्षा अधिकारी अशोक गौतम ने नगर के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। मधुबन : फतहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में एक साथ विशेष परीक्षा हुई। परीक्षा की शुुचिता को बनाए रखने के लिए जिलास्तरीय टीम ने विद्यालयों की जांच किया। इस परीक्षा में शिक्षा क्षेत्र फतहपुर मंडाव के लगभग 80 प्रतिशत छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया। खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मिशन पहचान परीक्षा से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।