तहपुर मंडाव ब्लाक के प्राथमिक स्कूल रसलपुर आदमपुर में निरीक्षण करते बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्
- फोटो : MAU
मऊ। बीएसए ओपी त्रिपाठी ने बुधवार को फतहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के कई परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में दो विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता दयनीय मिलने पर समस्त स्टाफ तथा ब्लाक के समस्त सह ब्लाक समन्वयकों का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का फरमान जारी किया। साथ ही एक विद्यालय में संतोषजनक प्रगति न मिलने पर समस्त स्टाफ को फटकार लगाई। बीएसए प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर आदमपुर पहुुंचे। यहां निरीक्षण में शैक्षिक गुणवत्ता दयनीय मिली। सह ब्लाक समन्वयकों द्वारा भी शैक्षिक गुणवत्ता के मद्देनजर न तो कोई कार्य किया गया और न ही कोई आख्या ही भेजी गई। बीएसए ने समस्त स्टाफ तथा समस्त एबीआरसी का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने का फरमान जारी किया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय कमल सागर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में शैक्षिक गुणवत्ता ठीक नहीं रही। बीएसए ने एक शिक्षिका को छोड़कर समस्त स्टाफ का वेतन रोकने का आदेश दिया। जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय कमलसागर पहुंचे। यहां शैक्षिक गुणवत्ता कुछ स्तर तक ठीक मिली। बीएसए ओपी त्रिपाठी का कहना था कि कार्य में सुधार न होने पर लापरवाह सहायक अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।