बढुआ गोदाम । सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सिकटिया ओवरब्रिज के पास रविवार की देर शाम एक ट्रैक्टर और सवारियों से भरी ऑटो आमने सामने भिड़ गई। जिसमें ऑटो चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि ऑटो में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने दो की गंभीर हालात देखते हुए उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया। मृतक आटो चालक जितेंद्र पाल 27 पुत्र आनंद कुमार पाल कोपागंज थाना क्षेत्र के रेवड़ीडीह गांव का निवासी था। रविवार को उसकी पत्नी को एक निजी अस्पताल में मृत बच्चा पैदा हुआ था। जितेंद्र अपने परिवार के हरेंद्र पाल 60, अनोज 18, संजय पाल और जोगिंदर पाल 60 के साथ बच्चे को दफनाने मऊ आ रहा था। आटो सिकटिया पुल के पास पहुंचा सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर ने आटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आटो चालक जितेंद्र की मौके पर मौत हो गई जबकि आटो में सवार उसके परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान अनोज पाल और संजय पाल की हालत गंभीर होने पर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।