घोसी। मऊ घोसी कोतवाली क्षेत्र के धरौली गांव में बुधवार की देर शाम को दो समुदायों में हुए विवाद को लेकर एक पक्ष के पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान पति सहित आठ लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया है। धरौली गाँव निवासी विजय निषाद पुत्र इंद्रदेव निषाद के द्वारा घोसी कोतवाली में दर्ज कराए गये मुकदमे के अनुसार बुधवार की देर रात में विजय निषाद के साथ ही रोशन निषाद, आशीष निषाद, धर्मानंद निषाद, मुन्ना सहित अन्य ने मिलकर लक्ष्मी पूजा के लिए बल्ली लाने को गांव के टेंपो चालक सरफराज पुत्र एहसान खान से कहा। आरोप है कि सरफराज इंकार करने के साथ ही दुर्व्यवहार करने लगा और कुछ समय बाद गाली देते हुए 14 से 15 लोगों को लेकर आया। आरोप है कि ग्राम प्रधान पति नफीस के ललकारने पर कई लोग लाठी डंडा, ईंट पत्थर व कोल्ड ड्रिंक की बोतलों से हमला बोल दिया। जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। हमले में रोशन निषाद, धर्मानंद, मुन्ना एवं सुखपाली देवी घायल हो गई। तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान पति सहित आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।