चिरैयाकोट में टायर एजेंसी पर बदमाशों की गोली से घायल होने के बाद इलाज के दौरान सेल्समैन विनोद गुप
- फोटो : MAU
चिरैयाकोट/ रानीपुर। चिरैयाकोट बाजार में पुराना पेट्रोलपंप के पास शनिवार को दोपहर में दुकान के अंदर घुसकर बदमाशों द्वारा मारी गई गोली से घायल सेल्समैन विनोद गुप्ता की वाराणसी के एक नर्सिंग होम में इलाज के दौरान रात में मौत हो गई, जबकि गोली से घायल टायर व्यवसायी अजय सिंह की हालत स्थिर है। उधर, सेल्समैन की मौत से नाराज चिरैयाकोट और पलिया बाजारों के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। नाराज लोगों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर पलिया बाजार में खुरहट- रानीपुर मार्ग जाम कर दिया। करीब तीन घंटे बाद एसडीएम के आश्वासन पर लोगों ने तीन दिन में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम देते हुए जाम समाप्त किया। शनिवार को चिरैयाकोट बाजार में पुराने पेट्रोल पंप के पास टायर कारोबारी रानीपुर थाना क्षेत्र के पलिया निवासी अजय सिंह उर्फ राजू एवं सेल्समैन विनोद गुप्ता को पल्सर बाइक से आए तीन बदमाशों ने गोली मारकर फरार हो गए थे। आनन-फानन में घायलों को वाराणसी के सिंह मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया था। रविवार की अलसुबह में चार बजे सेल्समैन विनोद की मौत हो गई, जबकि अजय की जांच और पैरों में लगी गोली को आपरेशन करके डॉक्टरों ने निकाल दिया। इससे अजय की हालत स्थिर बताई जा रही है। उधर, चिरैयाकोट और पलिया में सेल्समैन विनोद गुप्ता की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय और व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया। उन्होंने सुबह से ही चिरैयाकोट और पलिया बाजार में घटना के विरोध में अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं। इसके साथ ही बाजारवासियों ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर सुबह नौ बजे पलिया बाजार में मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम निरंकार सिंह, विधायक श्रीराम सोनकर, सीओ सिटी राज कुमार ने व्यापारियों से बातचीत कर तीन घंटे के बाद लिखित आश्वासन के बाद जाम को समाप्त कराया।