कोपागंज। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इंदारा में गुरुवार की देर शाम जिलाधिकारी के आदेश पर स्ट्रीट लाइट की जांच करने पहुंचे सांख्यिकीय अधिकारी के सामने ही प्रधान पति और उसके पुत्रों ने गांव के एक युवक को पीट दिया। उसका कुसूर सिर्फ इतना था कि उसने अधिकारी से शिकायत की थी कि प्रधान आवास के नाम पर उससे 40 हजार रुपयों की मांग कर रहा। युवक की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानपति और उसके पुत्रों समेत सात लोगों पर एससीएसटी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोपागंज ब्लाक के ग्राम पंचायत इंदारा में बिना कनेक्शन स्वीकृत कराये व स्ट्रीट लाइट के मामले में 29 लाख 95 हजार रुपये की अनियमितता ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा किये जाने के की शिकायत विजेंद्र सिंह ने की थी। इसकी जाँच का आदेश जिलाधिकारी ने जिला सांख्यिकीय अधिकारी को दिया था। आदेश पर अधिकारी जाँच करने गुरुवार की शाम गांव के दलित बस्ती में पहुंचे। जांच अधिकारी से गांव के दलित युवक श्रीकेश राम पुत्र झिल्लर और आर्यबीर सिंह पुत्र प्रमोद कुमार सिंह वार्ता कर स्ट्रीट लाइटों के बारे में जानकारियां देने लगे। असी बीच श्रीकेश ने शिकायत कर दी कि आवास के नाम पर प्रधान पति ने उससे 40 हजार रुपये वसूले हैं। आरोप है कि इससे नाराज प्रधानपति और उनके समर्थकों ने युवक की पिटाई कर दी। जिससे वह घायल हो गया। घायल श्रीकेश की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान पति सुबाष यादव, प्रधान पुत्र अरविन्द यादव, अमरीश यादव, प्रेमचंद यादव, कृष्ण यादव पुत्र गण अंतू, रविंद्र यादव पुत्र मुराली यादव और अतुल यादव पुत्र राम सनेही यादव के विरुद्ध एससीएसटी का मुकदमा दर्ज कर लिया।