नगर के भीटी स्थित शिक्षक सदन पर आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत शिक्षकों को सम्मानित करते जिलाधि
- फोटो : MAU
मऊ। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला इकाई के तत्वावधान में भीटी स्थित शिक्षक सदन सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान 65 सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। उन्हें समाज का सजग प्रहरी बताया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने पूर्व जिलाध्यक्ष जर्नादन सिंह, शिवशंकर सिंह सहित विभिन्न ब्लाकों से आए सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया। जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक समाज का सजग प्रहरी है। शिक्षकों द्वारा ही समाज में बदलाव लाया जा सकता है। लोगों में नैतिक गुणों का विकास किया जा सकता है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा ऐसी हो जो बच्चों का सर्वागीण विकास कर सके। बच्चों का ज्ञान ही गुरुजनों की पहचान हो ऐसा प्रयास करना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के कार्यो की सराहना की। संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने शिक्षकों को अनुशासित होकर शिक्षण कार्य करने पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष नित्यप्रकाश यादव ने आभार जताया। इस अवसर पर रुपेश पांडेय, जीवधन यादव, राजेश कुमार वर्मा, सुनीता सिंह, ब्रह्मानंद सिंह, हरिहर यादव, संगीता पांडेय, नीता सिंह, साधना पांडेय, प्रेमशीला यादव, प्रेमचंद आदि शामिल रहे।