मऊ के वलीदपुर सिलिंडर विस्फोट कांड में मृत सोनम। फाइल फोटो
- फोटो : MAU
वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत वलीदपुर के बिचलापुरा में रसोई गैस सिलिंडर विस्फोटा कांड में घायल सोनम 21 की उपचार के दौरान वाराणसी में शनिवार की सुबह मौत हो गई। इससे पूर्व सोनम की मां मंशा देवी की मौत शुक्रवार की शाम हुई थी। 12 घंटे से कम अंतराल पर हुई मां बेटी की मौत से एक बार फिर से नगर में शोक की लहर फैल गई। मालूम हो कि सोमवार को बिचलापुरा मुहल्ला निवासी स्व. छोटू विश्वकर्मा के घर खाना बनाने के लिए लगाए गए रसोई गैस सिलिंडर में रिसाव के बाद विस्फोट हो गया था। इस घटना में 13 लोगों की मौत और 25 लोग घायल हुए थे। घायलों को उपचार के लिए वाराणसी, आजमगढ़ और मऊ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान भर्ती लोगों की तीसरे दिन से मौत होने लगी। बुधवार को सावित्री, गुरुवार को ममता तो शुक्रवार को मंशा पत्नी कन्हैया और शनिवार को सोनम की मौत हुई। 12 घंटे के अंतराल पर मां और बेटी हुई मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया। हालांकि मंशा पत्नी कन्हैया की दो बेटियां सिंपी और सरिता की मौत घटना के दिन हुई थी। इस तरह से इस हादसे में कन्हैया के परिवार से चार लोगों की मौत हो चुकी है। मंशा और सोनम की मौत के बाद दोनों के शव का एक साथ पीएम कराया गया। उधर, सोनम के मौत की खबर गांव पहुंचने पर एक बार फिर कन्हैया के घर पर करुण क्रदंन शुरू हो गया। आसपास के लोग सांत्वना देने उसके घर पहुंचने लगे।