मधुबन थाना क्षेत्र के अकलोल्ही गांव में करेंट की चपेट में आकर संविदा लाइनमैन की मौत के विरोध में ?
- फोटो : MAU
मधुबन/फतेहपुर मण्डाव। मधुबन थाना क्षेत्र के अकोल्ही मुबारक़पुर गांव में रविवार की सुबह दस बजे फाल्ट ठीक करने के लिए पोल पर चढ़े संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सिपाह इब्राहिमाबाद स्थित घोषी -मधुबन मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब छह घंटे की जाम की सूचना पाकर वहां एसडीएम लाल बाबू दुबे एवं प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह पहुंचे और ग्रामीणों को मुआवजा दिलाने आदि का लिखित आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया। इसके बाद मार्ग बहाल हो सका। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में भेज दिया। अकोल्ही निवासी लोकगीत कलाकार विपिन बिहारी पाठक का पुत्र गोपाल पाठक (35) विद्युत उपकेन्द्र सिपाह इब्राहिमाबाद पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। वह कुचाई के नऊंवा कुटी पर बीबीपुर फीडर के लिए शट डाउन लेकर 11 हजार वोल्टेज के विद्युत लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था। इसी दौरान बिजली आपूर्ति हो गई। जिससे करंट की चपेट में आने से गोपाल की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों एवं ग्रामीणों को हुई आक्रोशित हो उठे। नाराज ग्रामीण शव को लेकर मधुबन -घोसी मार्ग पर स्थित मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम कर रहे लोगों की मांग थी कि मृतक की पत्नी को नौकरी दी जाए और उसके आश्रितों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाय। जाम स्थल पर पूर्व विधायक अमरेश चंद पांडेय , उमेश पांडेय, सपा के निर्वतमान जिलाध्यक्ष धर्म प्रकाश यादव, हरिश्चंद यादव सहित कई राजनीतिक दलों के नेता और क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। शाम चार बजे मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी लालबाबू दुबे एवं प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने लोगों को लिखित आश्वासन दिया। तब करीब छह घंटे के बाद जाम समाप्त हुआ। इसके बाद आगवागन सुचारु हो सका । जाम के दौरान वाहनों की आवाजाही बंद होने से लोगों को परेशानियां उठानी पड़ीं।