वलीदपुर नगर पंचायत के बिचलापुरा में गैस रिसाव से हुए विस्फोट के बाद चौथे दिन ध्वस्त घर के मलबे को ?
- फोटो : MAU
वलीदपुर। नगर पंचायत वलीदपुर के बिचला पूरा मोहल्ले में सोमवार की सुबह सिलिंडर से गैस रिसाव के बाद हुए विस्फोट में घायल ममता की बुधवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वह वाराणसी के बीएचयू में स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती थी। युवती की मौत के साथ ही अब वलीदपुर हादसे में मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। ममता की मौत की सूचना मिलने पर उसके घर पर कोहराम मचा गया। वहीं पूरे नगर में एकबार फिर से शोक की लहर फैल गई। लोग पीड़ित परिवार के घर पहुँच परिवारीजन को सांत्वना देने में जुटे थे। नगर पंचायत वलीदपुर के बिचला पूरा मुहल्ला निवासी रीता पत्नी स्वर्गीय छोटू विश्वकर्मा के घर सोमवार को चाय बनाते समय सिलिंडर से गैस रिसाव हो गया था। इससे आग लगने से बड़ा विस्फोट हो गया। इस घटना में छोटू की तीन लड़की मोना (20), ममता(19) तथा संजना(16) गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। गंभीर रूप से घायल छोटू की तीनों लड़कियों को मंडलीय हॉस्पिटल आजमगढ़ में भर्ती कराया गया था। जहां ममता की हालत गंभीर होने के कारण वाराणसी बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। बुधवार को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में बुधवार की सुबह में उसने आखिरी सांस ली। ममता के मौत की पुष्टि एसडीएम मुहम्मदाबाद गोहना निरंकार सिंह ने किया। बताया कि घायलों में शामिल ममता की भी मौत वाराणसी में इलाज के दौरान हो गई। जिसका पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।