बकरीद के चौथे दिन सोमवार को नगर पंचायत घोसिया में परंपरागत अखाड़ा जुलूस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ निकाला गया। नगर के चमनगंज तकिया, हिकमतगंज और पश्चिम मोहल्ला के अखाड़ों ने संयुक्त रूप से जुलूस में हिस्सा लिया। खलीफा हारून, समीद अली और आजाद अहमद के नेतृत्व में युवाओं ने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। हिकमतगंज और चमनगंज तकिया के अखाड़े अपने-अपने मोहल्लों से निकलकर चौधरी मोहल्ला, गढ़ाई मोहल्ला और पश्चिम मोहल्ला होते हुए जामा मस्जिद पहुंचे, जहां पहले से मौजूद पश्चिम मोहल्ला के अखाड़े से उनका मिलन हुआ। इसके बाद संयुक्त जुलूस मेन मार्केट से होते हुए सदर रोड पर डॉक्टर जाहिद के आवास पर पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान पूरे मार्ग पर लोगों ने स्वागत किया और उस्तादों का उत्साहवर्धन किया। आजाद अहमद ने बताया कि घोसिया में बकरा ईद के तीसरे दिन अखाड़ा उठाने की यह वर्षों पुरानी परंपरा है, जिसके साथ ही मोहर्रम की तैयारियों का आगाज माना जाता है। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर परंपरा और भाईचारे का संदेश दिया। मौके पर समाजसेवी रईस अहमद उस्मानी नवाब खलीफा पुल्लु खलीफा हाजी बाबा आदि रहे।