मऊ। फरीदाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत होने पर मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया है।
सोनी (35) की शादी हलधरपुर थाना क्षेत्र के पकडौहां सेमराजपुर निवासी अमरीश से 2 मई 2014 को हुई थी। अमरीश फरीदाबाद में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पिछले लगभग एक वर्ष से पति-पत्नी में आपसी विवाद चल रहा था। इस दौरान समझौते के बाद पत्नी के साथ फरीदाबाद चला गया। 17 जुलाई को मायके वालों को खबर मिली कि सोनी को किसी विषैले सर्प ने काट लिया है। जिससे उसकी मौत हो गई है। इस बीच अमरीश पत्नी के शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव पहुंचा। उधर मायके पक्ष वालों ने सोनी की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हलधरपुर थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस अमरीश के गांव पकडौहां सेमराजपुर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वही मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि सोनी के शरीर पर कई जगह काटने के निशान थे और गले पर पंजे के निशान थे। इस बाबत थानाप्रभारी हरेंद्र यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।