कोपागंज। स्थानीय नगर पंचायत के दो युवाओं को अकादमी पुरस्कार मिलने से क्षेत्र में हर्ष है। कोपाकोहना निवासी मनीष कुमार गोंड को कलाकृति हिमाचल कल्चरल लेगेसी को अखिल भारतीय राष्ट्रीय पुरस्कार, 50 हजार रुपये, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया है। वहीं वाजीदपुरा निवासी बलदाऊ वर्मा को क्षेत्रीय अकादमी पुरस्कार, 10 हजार रुपये, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया है। राज्य ललित कला अकादमी द्वारा महाकुंभ में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इसमें भारत के सैकड़ों कलाकारों ने प्रतिभाग किया था। आठ फरवरी को लखनऊ में आयोजित अकादमी के 64 वें स्थापना दिवस पर ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील विश्वकर्मा ने मनीष और बलदाऊ को सम्मानित किया। मनीष कुमार गोंड हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर और बलदाऊ वर्मा केंद्रीय विद्यालय वाराणसी में कला शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।