बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के तेंदुली गांव में बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा बुधवार रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी। जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया और सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाया और नई प्रतिमा लगवाई। तब जाकर लोग शांत हुए। उधर, पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तेंदुली गांव की दलित बस्ती में कई वर्षों से बाबा भीमराव आंबेडकर की मूर्ति लगाई गई थी। गांव निवासी और जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग केे जिलाध्यक्ष विनय कुमार गौतम नेे बताया की बुधवार की देर शाम जब वह आंबेडकर प्रतिमा के पास गए तो देखा कि वह क्षतिग्रस्त है। प्रतिमा तोड़ने की सूचना मिलते ही विनोद कुमार, राजू राम, शयाम लाल भारती, राम सुधार, योगेंद्र राम, सुरेंद्र राम, पारष राम सहित आसपास के सैकड़ों लोग जुट गए। सूचना पर एसडीएम मोहम्मदाबाद, सीओ सिटी धनंजय मिश्र, थाना प्रभारी राम सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मांग पर सीओ सिटी धनंजय मिश्र ने डॉ. आंबेडकर की नई प्रतिमा लगवाई। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। विनय कुमार गौतम कहा कि कुछ अराजक तत्वों ने महौल बिगाड़ने के लिए ऐसा कार्य किया है। थाना प्रभारी राम सिंह ने बताया कि जांच पडताल के बाद रानीपुर थाना क्षेत्र के बडार बखरिया गांव निवासी प्रमोद चौहान को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।