मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र के भुड़सुरी खूटहां गांव में शनिवार को विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाहिता के पिता ने दहेज उत्पीड़न एवं हत्या का आरोप लगाते हुए थाने को तहरीर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
जानकारी के मुताबिक, अंजलि (20) पुत्री अच्छेलाल राजभर निवासी नसीराबाद कला थाना हलधरपुर का लगभग एक वर्ष पूर्व छांगुर निवासी भुड़सुरी खूटहां थाना हलधरपुर से प्रेम हो गया। बाद में दोनों के परिजनों की रजामंदी से दोनों का हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर दी गई। एक साल बीतने के बाद अचानक अंजलि ने अपने ससुराल में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे पिता अच्छेलाल राजभर ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने को तहरीर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच पड़ताल में जुटी रही। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत तीन पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।