दुबारी। फतेहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत भटिया में बने सामुदायिक शौचालय का संचालन सही ढंग से नहीं हो पा रहा है। स्वयं सहायता समूह को हैंडओवर होने के बाद भी ताला लटका रहता है। भटिया ग्राम पंचायत मेें वर्ष 2021 में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया था।निर्माण पूर्ण कर ग्राम पंचायत ने शौचालय स्वयं सहायता समूह को हैंडओवर कर दिया है। शौचालय सुबह एक घंटा और शाम को एक घंटा ही खुलता है। इसके बीच ग्रामीण या बाहरी लोग शौचालय पर ताला लगा देख खुले में ही शौच करने को मजबूर रहते हैं। ग्राम पंचायत द्वारा देखरेख के लिए स्वयं सहायता समूह को छह हजार रुपये और तीन हजार रुपये बिजली, साबुन आदि खर्च के लिए मिलता है। कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि स्वयं सहायता समूह के सदस्यों द्वारा शौचालय का उपयोग करने के लिए शुल्क भी लिया जाता है। प्रधान प्रतिनिधि सुभाष चौरसिया, ओमप्रकाश यादव, राधेश्याम शर्मा, संतोष यादव, अजय यादव, नितीश आदि ग्रमीणों का कहना है कि सही ढंग से शौचालय का संचालन नहीं होने से ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।