मऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने स्वीकृत मार्गों एवं टेंडर हो चुके मार्गों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित खराब सड़कों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया।उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए छात्रावास निर्माण की डिमांड शासन में भेजने का निर्देश दिया। क्षेत्र पंचायत के कार्यों को भी मनरेगा के तहत कराए जाने के निर्देश दिए। अमृत सरोवरों की भूमि की पैमाइश कर अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर उसे खाली कराने के लिए कहा। मेरी माटी -मेरा देश कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों में अमृत वाटिका के लिए पौधों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए डीएफओ को आवश्यक निर्देश दिए।
पशु आश्रय स्थलों की समीक्षा के दौरान समस्त निराश्रित गोवंशों को गो आश्रय स्थलों में संरक्षित करने एवं चारागाह की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के कार्याें की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने एवं पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल ठीक कराने का भी निर्देश दिया।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता एवं आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष लाभार्थियों के गोल्डेन कार्ड बनाने की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। जनपद में लक्ष्य के सापेक्ष 63 प्रतिशत से भी ज्यादा गोल्डन कार्ड बनने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
जनपद में गोंड एवं खरवार जाति के प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी को इस संबंध में आवश्यक बैठक कर पात्र लोगों के जाति प्रमाण पत्र नियमानुसार बनाने को कहा।खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जनपद में अब तक कटे यूनिट एवं खाली यूनिट की जानकारी लेते हुए कार्ड धारकों के नाम कटने की जांच कमेटी गठित कर कराने के निर्देश दिए।
इनसेट
विजिलेंस टीम के कार्यों की जांच करने का निर्देश:
मऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘मेरी माटी-मेरा देश‘ एवं ''हर घर तिरंगा'' कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए कार्यक्रमों से जुड़े समस्त विभागों को समय से सारी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। ताकि कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित हो सके। इस दौरान उन्होंने शिलापट्ट के निर्माण एवं झंडे की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान विद्युत आपूर्ति एवं ओवर बिलिंग की शिकायत पर उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और लापरवाह कार्मिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा।
उन्होंने आपूर्ति की समस्या को दूर करने के लिए तत्काल प्रयास करने का निर्देश दिया। ओवर बिलिंग को लेकर उपमुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को विजिलेंस टीम के कार्यों की जांच करने को भी कहा। इसके अलावा ओवर बिलिंग वाले मामलों का सत्यापन कर उचित बिल उपभोक्ताओं को देने के निर्देश दिया।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण वित्तीय वर्ष 2023-24 के तीन लाभार्थियों प्रिया, मिंता, प्रियंका को स्वीकृति पत्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण वित्तीय वर्ष 2022-23 के दो लाभार्थियों लालमति, मीना को चाबी प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2022-23 के तीन लाभार्थियों क्रमशः सुनीता देवी, नीलम देवी,राजेंद्र राजभर को भी चाबी प्रदान कर पक्के आवास की सौगात दी। बाबा स्वयं सहायता समूह विकासखंड परदहां के पूनम, गुंजन को डेढ़ लाख का चेक वितरण कार्य किया।इसके पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों में संचालित योजनाओं का अधिक अधिक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।धुबन तहसील के ग्राम पंचायत बिंदटोलिया में बाढ़ के दौरान कटान की स्थिति के मद्देनजर अधिशासी अभियंता सिंचाई को पूर्व में शासन को भेजे गए परियोजनाओं के अस्वीकृत होने के कारणों की जांच कर नई परियोजना तैयार कर शासन में भेजने के लिए कहा। ताकि हर वर्ष बाढ़ के कारण बिंदटोलिया ग्राम को सुरक्षित किया जा सके।