मऊ। रतनपुरा ब्लाक के तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का शुक्रवार को सीडीपीओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान एक केंद्र पर कार्यकर्ता अनुपस्थित मिली। वहीं, केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष कम बच्चों की उपस्थिति पर सीडीपीओ ने नाराजगी जताई और फटकार लगाते हुए दुबारा लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। रतनपुरा ब्लाक के बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के सीडीपीओ राधेश्याम पाल ने शुक्रवार को पहसा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उन्हें कार्यकर्ता ऊषा देवी तथा सहायिका द्रौपदी उपस्थित मिली। हालांकि पंजीकृत 49 बच्चों के सापेक्ष 12 बच्चें ही उपस्थित मिले। वहीं रजिस्ट्रर मेेटेंन नहीं मिला। इसके बाद सीडीपीओ पहसा स्थित ही अंग्रेजी माध्यम स्कूल में संचालित केंद्र पर पहुंचे, यहां भी तैनात कार्यकर्ता विनिता मिश्रा मौजूद मिली। यहां भी पंजीकृत 40 में केवल 11 बच्चों की उपस्थिति मिलने पर सीडीपीओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए खामियों को सुधारने की बात कही। गुलौरी स्थित आंबेडकर विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में कार्यकर्ता प्रभावती यादव अनुपस्थित मिली, जबकि सहायिका उर्मिला यादव उपस्थित मिली। सीडीपीओ के निरीक्षण की जानकारी मिलने पर आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यकर्ताओं में हड़कंप की स्थिति बनी रही।