मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के धर्मसीपुर गांव में तैनात लेखपाल पर आवासीय पट्टा देने के नाम पर धन उगाही का आरोप लगा है। गांव निवासी विधवा गुलाबी देवी ने आरोप लगाते हुए बताया कि एक वर्ष पहले आवासीय पट्टा देने के नाम पर उनसे और उनके जेठ सूरज राम से कुल 40 हजार रुपये ले लिए गए थे। लेकिन एक वर्ष बाद भी आवासीय पट्टा नहीं दिलाया। पीड़िता ने सचिव राजस्व परिषद, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप लगाया कि लेखपाल ने गांव के ही कई लोगों से 2015 से ही बंजर भूमि पर पट्टा दिए जाने के नाम पर लाखों रुपए वसूले हैं। लेकिन अभी तक न तो पट्टा दिलाया और ना ही पैसा वापस किया। बताया कि चुनिंदा लोगों को पट्टा किया गया है उसमे अधिकांश अपात्र हैं। इन परिवारों के मुखिया सरकारी पेंशनर व वेतनभोगी तथा पक्का मकान वाले हैं।