वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के करहा व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णु कांत श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर तीन प्रमुख मांगों को पूरी करने की गुहार लगाई है। ज्ञापन में मांग की गई है कि जमुई विद्युत उपकेंद्र 33/11 पर 10 एमबीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए दूसरी मांग है कि हाईटेंशन तार जगह जगह पेड़ों को छू रहा है ऐसे पेड़ों की तत्काल छंटाई कराई जाए। इसके अलावा बैंक के सामने खुले में रखे ट्रांसफार्मरों की घेराबंदी कराने की मांग शामिल है। यहां पर बीते वर्ष छठ के लिये टेंट लगा रहे दो दुकानदारों की पाइप स्पर्श करने से मौत हो गई थी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल करहां बाजार के अध्यक्ष विष्णु लाल श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मांग की है कि विद्युत उपकेंद्र से बाजार में हाईटेंशन तार गया है। वह जगह-जगह पेड़ों से स्पर्श कर रहा है जिससे आए दिन विद्युत सप्लाई बाधित हो रही है, वहीं केंद्र द्वारा हर घर का लोड बढ़ा दिया गया है। लेकिन उपकेंद्र पर ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाने की वजह से प्रतिदिन विद्युत सप्लाई घंटों बाधित रहती है। उमस भरी गर्मी में क्षेत्र के व्यापारी किसान परेशान रहते हैं। शिकायत के बावजूद भी विभागीय कर्मचारी कोई सुनवाई नहीं करते हैं। वही सार्वजनिक स्थान यूनियन बैंक के ठीक सामने खुले में ढाई सौ केवी का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। दो महीना पहले उसी के चपेट में आने से दो व्यापारियों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद विद्युत विभाग के कान पर जूं नहीं रेंग रही है। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है एक बार संघर्ष करके केंद्र पर 5 एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया था। व्यापारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सुनवाई नहीं हुई तो व्यापार मंडल धरना प्रदर्शन चक्का जाम करने के लिए बाध्य होगा। अवर अभियंता अरविंद कुमार का कहना है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जायेगा।