बोझी बाजार/अमिला। बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के रामपुर टकटेऊआ निवासी आईटीबीपी के जवान रामकेश यादव का पार्थिव शरीर शुक्रवार की सुबह उनके घर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। पार्थिव शव के साथ आए आइटीबीपी के जवानों ने तिरंगे से ढककर जवान के शव पर पुष्प चक्र अर्पित किया। इसके बाद सलामी देकर उनको अंतिम विदाई दी। जवान का अंतिम संस्कार दोहरीघाट मुक्ति धाम पर किया गया। बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के रामपुर टकटेऊआ निवासी रामकेश यादव (44) उत्तराखंड के लोहाघाट बटालियन 36 में आईटीबीपी में हवलदार पद पर तैनात थे। बीते बृहस्पतिवार को हार्ट अटैक होने से उनकी मौत हो गई थी। जवान का शव घर पहुंचते ही पत्नी गिरजा देवी बेसुध हो गई। बेटे आकाश यादव,राजन यादव और बेटी अंशु यादव रोने लगी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख राज कुमार यादव, विद्युत प्रकाश यादव, सूर्यभान यादव, प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र परिजनों को ढांढस बंधाया। संवाद