मऊ। सीएम डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक डीएम प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। नौ की जगह केवल दो ब्लाॅक में जमीन चिह्नित होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने युवा कल्याण विभाग के अधिकारी को तहसीलों से समन्वय स्थापित कर सभी ब्लॉकों में ग्रामीण स्टेडियम के लिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए। पांच परियोजनाओं, जिनमें दो परियोजनाओं की समय सीमा नवंबर है, को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान निर्माण कार्यों में भी डी ग्रेड पाए जाने पर उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी और आरईडी को समस्त निर्माण कार्य समय सीमा के अंदर पूरा करने को कहा। वहीं, पौधरोपण की समीक्षा के दौरान उन्होंने इसकी क्रॉस चेकिंग कराए जाने को कहा। क्रॉस चेकिंग की रिपोर्ट ग्रुप में शेयर करने के भी निर्देश दिए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बीते वर्ष कुल कितनी धनराशि इस योजना के तहत जनपद के किसानों को मिली, उसकी जानकारी लेते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के भी निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें। समीक्षा के दौरान अन्य विभागों की विभिन्न योजनाओं में ए ग्रेड पाया गया। बैठक के दौरान सीडीओ प्रशांत नागर, परियोजना निर्देशक रामबाबू त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।