रानीपुर थाना क्षेत्र के पलिया गाव में बुधवार की दोपहर मकान में चोरी की घटना के बाद मौके पर पहुंच क?
- फोटो : MAU
रानीपुर। थाना क्षेत्र के पलिया में बुधवार की दोपहर दिनदहाड़े चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर दो लाख की नकदी सहित करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सामान चोरी कर लिए। घटना के समय घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। दोपहर में लौटी घर की महिला ने ताला टूटा देखकर अपने पति को सूचना दी। सूचना पर एसओ ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पलिया निवासी संजय सिंह के मकान से महज 50 मीटर की दूरी पर उनकी इलेक्ट्रानिक सामान की दुकान है। बुधवार की सुबह वह दुकान चले गए। पत्नी साधना सिंह पलिया प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा मित्र है, वह भी स्कूल चली गईं। वहीं घर में मौजूद संजय का पुत्र नवीन कुछ सामान लाने के लिए खुुरहट बाजार चला गया। इस बीच घर के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को चोरों ने तोड़ा और घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने एक आलमारी में रखा दो लाख छह हजार रुपये नकद जबकि दो आलमारी में रखे छह सोने की चेन, सोने का हार, कान का झुमका सहित करीब 15 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। दोपहर 2.30 बजे जब साधना घर पहुंची तो ताला टूटा देखकर पति संजय को इसकी जानकारी दी। घर पहुंचे तो चोरी का पता चला। उधर, सूचना मिलने पर एसओ बृजमोहन सरोज पुलिस के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मकान स्वामी संजय की तहरीर पर पुलिस मामले की जाच पड़ताल में जुट गई।