मुहम्मदाबाद गोहना। कस्बा के स्टेशन रोड पर फर्नीचर एवं सराफा की संयुक्त दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। रविवार को सुबह जानकारी होने पर दुकान मालिक ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच किया। आसपास के सीसी कैमरों में एक व्यक्ति हाथ में रम्भा और कुछ सामान लिए जाता दिख रहा है। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि लगभग 13 हजार नकदी समेत लाखों का स्वर्ण आभूषण चोरी हुआ है। पुलिस ने आभूषण चोरी की बात नकारते हुए घटना को संदिग्ध बताया है। कस्बा के स्टेशन रोड पर कैलाश सेठ पुत्र स्वर्गीय रामबृक्ष की फर्नीचर और उनके भाई केशव सेठ की सराफा की संयुक्त दुकान है। शनिवार की रात लगभग 10:45 पर उक्त दुकान के चैनल का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने फर्नीचर की दुकान में बिक्री के लिए रखी गई आलमारी में 13 हजार नकद और उनके भाई सराफा व्यवसाई केशव का लगभग 50 ग्राम सोना और 4 किलोग्राम चांदी समेत लाखों रुपए के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित दुकान मालिक ने घटना से पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे कोतवाल नीरज पाठक ने जब अगल-बगल के सीसी कैमरों की जांच कराया तो एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में रंभा लिए और लुंगी पहने जाता दिखाई दिया। इस दौरान दुकान मालिक कैलाश सेठ का कहना है कि वह और उनके भाई दोनों अगल-बगल दुकान करते हैं उनकी स्वयं की फर्नीचर की दुकान जिसमें तकिया, गद्दा, रजाई, आलमारी चारपाई आदि की बिक्री करते हैं जबकि बगल में उनके भाई केशव वर्मा की सराफा की दुकान है। सराफा की दुकान में सामान रखने की व्यवस्था ना होने के कारण शाम को दुकान बंद करते समय सभी स्वर्ण आभूषण उनके ही दुकान में रखी आलमारी के लॉकर में रखा जाता है। इस दौरान चोरों ने ठीक उसी आलमारी को निशाना बनाया है जिसमें नकदी और आभूषण रखा गया है। फिलहाल इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। चोरी की घटना के बारे में पूछे जाने पर कोतवाल नीरज पाठक ने बताया कि जांच के दौरान दुकान मालिक ने केवल 13 हजार नगदी चोरी की बात बताया है लेकिन आभूषण चोरी होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। सीसी कैमरे में एक संदिग्ध के वहां होने और सड़क पर आने जाने की पुष्टि हुई है जिसकी जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया कर लिया जाएगा।