दोहरीघाट। स्थानीय थाना के नगर कस्बा के दलित बस्ती निवासी एक व्यक्ति की मजदूरी कर लौटते सड़क हादसे में शुक्रवार की देर रात मौत हो गई। घटनास्थल मृत के घर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर है। गोरखपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोहरीघाट कस्बा के दलित बस्ती निवासी जोगेंद्र (32) पुत्र सुभाष शुक्रवार की देर शाम गोरखपुर जिले के बड़हलगंज से रोज की तरह मजदूरी कर घर लौट रहा था। अभी सरयू नदी पर पहुंचा था कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। बड़हलगंज की सीमा में घटना होने के चलते सूचना पाकर मौके पर पहुंची गोरखपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जेब से मिली दवा पर्ची के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी संध्या, दो बेटियां जान्हवी (6), मानवी (3) और डेढ़ माह का पुत्र शिवांश को छोड़ गया।