अमिला स्थित धान क्रय केंद्र पर खड़ी धान लदी ट्रालियां।संवाद
- फोटो : MAU
अमिला। धान क्रय केंद्र पर किसान 15 दिनों से धान से लदी ट्रालियां लेकर अपने बारी का इंतजार कर रहे हैं। खरीद समय सीमा में आठ दिन शेष रह गए हैं। जबकि क्रय केंद्र के गोदाम में 810 क्विंटल धान डंप पड़े हैं। शासन की तरफ से 28 फरवरी तक धान खरीद की समय सीमा निर्धारित की गई है। कस्बा स्थित धान क्रय केंद्र पर किसान धान से लदी ट्रालियां लेकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। क्रय केंद्र के गोदाम में 810 क्विंटल धान डंप पड़ा है। धान क्रय केंद्र पर पांच हजार क्विंटल धान खरीद लक्ष्य के मुकाबले अब तक 7648 क्विंटल खरीद हुई है। जबकि 12 से अधिक ट्रालियां क्रय केंद्र के पास फोरलेन पर खड़ी है। किसानों की मानें तो विभागीय अधिकारियों की मिली भगत से क्रय केंद्र प्रभारी गोदाम से धान की उठान न होने का बहाना बनाकर धान खरीद नहीं की जा रही है। अमिला : बड़रांव ब्लॉक क्षेत्र के बसावनपुर गांव निवासी किसान जितेंद्र भारती ने कहा कि वह 15 दिन से क्रय केंद्र पर धान से लदी ट्राली लेकर रखवाली कर रहे हैं। लेकिन अभी तक खरीद नहीं हुई। कर्पिया मलिक बंजारी निवासी अवधेश यादव ने कहा कि 10 दिनों से वह धान से लदी ट्राली लेकर मौजूद है। विमल कुमार राय का कहना था कि 15 दिन से तीन ट्राली धान लेकर विपणन गोदाम अमिला पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। शिकायत करने पर आला अधिकारी आज कल कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।क्रय केंद्र प्रभारी वरुण कुमार सिंह ने बताया कि गोदाम धान से ठसाठस भरा है। जब तक गोदाम से धान का उठान नहीं होगा। तब तक खरीदारी नहीं होगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी वीके सिन्हा ने बताया कि क्रय केंद्रों के गोदाम से धान का उठान युद्धस्तर पर चल रहा है। शासन से निर्धारित समय सीमा तक किसानों से धान खरीद का प्रयास जारी रहेगा।