मधुबन। रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के कोटेदार पर सरकारी राशन बेचने के आरोप की जांच पूरी हो गई। जिसमें दोषी मिलने पर आपूर्ति निरीक्षक ने सोमवार की देर शाम कोटेदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। जबकि जांच के बाद संबंधित विभाग ने कोटेदार से ईपास मशीन जब्त करने के साथ उसकी दुकान को गांव के दूसरे सरकारी राशन की दुकान से अटैच कर दिया। मधुबन तहसील के आपूर्ति निरीक्षक वीरेंद्र यादव द्वारा रामपुर थाने में शेखपुर ग्राम पंचायत के कोटेदार पर जमशेद पर सरकारी राशन बेचने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि बीते 12 नवंबर को कोटेदार द्वारा सरकारी राशन की चार बोरी चावल को पिकअप से लोडकर बेचने ले जाया जा रहा था। जहां गांव के एक ग्रामीण की शिकायत पर रामपुर एसओ बृजमोहन सरोज ने पकड़ा था। यह मामला संज्ञान में आने के बाद मधुबन एसडीएम मनोज तिवारी ने आपूर्ति निरीक्षक के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की। सोमवार को इस जांच टीम ने रिपोर्ट दी, जिसमें कोटेदार द्वारा सरकारी राशन की बिक्री का आरोप सही मिला। जिसके बाद आपूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं पूर्ति विभाग ने आरोपी कोटेदार की दुकान को निलंबित कर ईपास मशीन को जब्त कर उसकी दुकान को गांव के दूसरे कोटेदार की दुकान से अटैच कर दिया। सरकारी गल्ले को बेचने के मामले संज्ञान में आने के बाद तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई थी। रिपोर्ट आने के बाद आपूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर कोटेदार पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं इस तरह की धांधली किसी और कोटेदार द्वारा तो नहीं की जा रही है, इसकी भी जांच की जा रही है। - मनोज तिवारी, एसडीएम मधुबन