नगर के बालनिकेतन स्थित पीडब्लूडी डाक बंगले में प्रेसवार्ता करते राज्य मंत्री ऊर्जा एवं वैकल्पि?
- फोटो : MAU
मऊ। प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा है कि प्रदेश के किसानों को जल्द ही मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके लिए सरकार नीति तैयार कर रही है। सभी गांवों तक बिजली के कनेक्शन पहुंचा दिए गए हैं। वह बुधवार को जिला मुख्यालय पर लोक निर्माण के डाकबंगले पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि साल 2017 के मुकाबले बिजली की डिमांड में भारी वृद्धि हुई है। इसके लिए सब स्टेशनों पर पहले की अपेक्षा उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निदान के लिए कैबिनेट मंत्री एके शर्मा के निर्देश पर 12 से 17 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार जब पर्याप्त बिजली आपूर्ति दे रही है तो ऐसी दशा में बिजली चोरी नहीं चलने दी जाएगी। बिजली रोकने के लिए भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। एक सवाल के जवाब में राज्य मंत्री ने कहा कि बिजली बिल में गड़बड़ी से संबंधित शिकायतों का त्वरित निपटारा कराया जा रहा है। पिछली सरकार की अपेक्षा इस सरकार में बिजली आपूर्ति की शिकायतों के बाबत राज्य मंत्री ने कहा कि मांग बढ़ने के कारण से ऐसा हो रहा है इसमें तेजी से सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता और वरिष्ठ नेता अशोक सिंह मौजूद रहे। इसके पूर्व राज्यमंत्री ने भीटी सब स्टेशन का निरीक्षण भी किया।